Search

June 8, 2026 11:27 pm

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोपी बंगाल से गिरफ्तार, भेजा गया जेल

अमड़ापाड़ा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, चार माह से फरार चल रहे आरोपित को दबोचा

अमर भगत

अमड़ापाड़ा (पाकुड़)। शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ यौन शोषण करने के मामले में अमड़ापाड़ा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के पायकर थाना क्षेत्र के भदिश्ता गांव निवासी मजीद मुल्ला,पिता-जियारुल मुल्ला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, एक बालिग युवती ने आरोपी के खिलाफ शादी का प्रलोभन देकर लगातार यौन शोषण करने का आरोप लगाते हुए 2 फरवरी 2026 को अमड़ापाड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर अमड़ापाड़ा थाना कांड संख्या 05/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 एवं 89 के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था। थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। जांच के दौरान गुप्त सूचना और तकनीकी सेल की मदद से पुलिस को आरोपी के पश्चिम बंगाल के पायकर थाना क्षेत्र में छिपे होने की जानकारी मिली। सूचना के सत्यापन के बाद एसआई कविंद्र मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अमड़ापाड़ा थाना लाया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के निर्देश पर उसे न्यायिक हिरासत में पाकुड़ जेल भेज दिया गया।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!