Search

March 19, 2026 9:35 pm

चैती छठ महापर्व को लेकर मेयर नें कोयल रिवर फ्रंट सहित निगम क्षेत्र के छठ घाटों का किया निरीक्षण

आस्था के इस पर्व में स्वच्छता ही सबसे बड़ी सेवा – अरुणा शंकर
संजय कुमार

मेदिनीनगर / पलामू
आगामी चैती छठ महापर्व को लेकर नगर निगम पूरी तरह सक्रिय हो गया है। गुरुवार को मेयर अरुणा शंकर ने कोयल रिवर फ्रंट का निरीक्षण कर छठ पर्व की तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा।

मेयर अरुणा शंकर ने कहा कि छठ महापर्व हिन्दुओं की आस्था, श्रद्धा और पवित्रता से जुड़ा अत्यंत महान पर्व है। इस पर्व में स्वच्छता का विशेष महत्व है, इसलिए सभी छठ घाटों के साथ-साथ पूरे शहर की साफ-सफाई सुनिश्चित करना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि छठ केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि यह अनुशासन, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अनुपम उदाहरण है।

निरीक्षण के दौरान मेयर ने निगम के नोडल पदाधिकारी दिलीप कुमार को निर्देश दिया कि कोयल रिवर फ्रंट, सूर्य मंदिर घाट (चैनपुर), पम्पू कल घाट एवं अमानत छठ घाट सहित निगम क्षेत्र के सभी घाटों पर विशेष सफाई अभियान तत्काल चलाया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी घाटों की मुकम्मल साफ-सफाई हर हाल में समय पर पूरी होनी चाहिए।

इस दौरान संबंधित अधिकारियों और कर्मियों ने आश्वासन दिया कि अगले दिन शाम तक सभी छठ घाटों की साफ-सफाई पूरी कर ली जाएगी और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

मेयर अरुणा शंकर ने अपने संबोधन में कहा:
“छठ महापर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। यह पर्व हमें सादगी, संयम और प्रकृति के प्रति सम्मान का संदेश देता है। नगर निगम का प्रयास है कि सभी श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण मिले, ताकि वे पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ भगवान सूर्य की उपासना कर सकें। मैं शहरवासियों से अपील करती हूं कि वे स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें और प्रशासन का साथ दें।”

उन्होंने आगे कहा कि छठ महापर्व के साथ-साथ रामनवमी और मुस्लिम समुदाय का प्रमुख त्योहार ईद भी निकट है। ऐसे में शहर में साफ-सफाई के साथ-साथ आपसी सौहार्द, भाईचारा और शांति बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। सभी नागरिक मिल-जुलकर इन पर्वों को मनाएं, यही हमारी संस्कृति की पहचान है।

निरीक्षण के दौरान उप नगर आयुक्त प्रमोद उरांव, वार्ड 30 के पार्षद विजय कुमार, सिटी मैनेजर शाहिद, जल आपूर्ति के नोडल पदाधिकारी छोटेलाल गुप्ता, मेयर प्रतिनिधि सुनील गुप्ता सहित नगर निगम के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर