पाकुड़: जिला प्रशासन के निर्देश पर महेशपुर और लिट्टीपाड़ा प्रखंड क्षेत्रों में आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विशेष पहल तेज कर दी गई है। शुक्रवार को दोनों स्थानों पर अलग-अलग समाधान शिविरों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं और संबंधित विभागों को आवेदन सौंपे। महेशपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय में दो समानांतर शिविर लगे। प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. सिद्धार्थ शंकर यादव के नेतृत्व में आयोजित जन समाधान दिवस में कुल 14 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 3 का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। शेष आवेदनों को विभागवार प्रक्रिया में डालते हुए जल्द निपटारे का आश्वासन दिया गया। इन आवेदनों में आपूर्ति, आवास, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और जनगणना से जुड़े मामले प्रमुख रहे। वहीं अंचल अधिकारी संजय सिन्हा के नेतृत्व में राजस्व समाधान शिविर का आयोजन हुआ, जिसमें लोगों ने पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र, ऑनलाइन लगान रसीद, दाखिल-खारिज समेत विभिन्न राजस्व मामलों को लेकर आवेदन दिए। अंचल निरीक्षक गुरु दास कर ने बताया कि सभी आवेदनों की हल्का स्तर पर जांच कर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। उधर, लिट्टीपाड़ा प्रखंड परिसर में भी जन समाधान दिवस आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता बीडीओ सह अंचल अधिकारी संजय कुमार ने की। यहां सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, पेयजल और राजस्व मामलों से जुड़े बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए। अधिकारियों ने मौके पर ही समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अब प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक इन शिविरों का नियमित आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य आम जनता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर से राहत देना और एक ही स्थान पर पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान उपलब्ध कराना है।








