पार्टी के प्रति समर्पित युवा तौसिफ इकबाल को मिली अहम जिम्मेदारी।
इकबाल हुसैन
पाकुड़: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने संगठनात्मक मजबूती को आगे बढ़ाते हुए तौसिफ इकबाल को पाकुड़ जिला छात्र मोर्चा का जिला सचिव नियुक्त किया है। यह नियुक्ति पार्टी के संगठन विस्तार और युवाओं को अधिक सक्रिय रूप से जोड़ने की रणनीति के तहत की गई है। नियुक्ति की जानकारी मिलते ही पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा गया। तौसिफ इकबाल ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है, जिसे वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि उनका प्राथमिक लक्ष्य छात्र मोर्चा को जमीनी स्तर पर मजबूत करना, अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ना और उनकी समस्याओं को प्रभावी मंच देना होगा। साथ ही युवाओं की आवाज को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाने का प्रयास किया जाएगा। तौसिफ इकबाल ने अपनी नियुक्ति के लिए महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी, झामुमो केंद्रीय सचिव पंकज मिश्रा, राजमहल सांसद विजय हांसदा, जिलाध्यक्ष अज्जुल इस्लाम सहित पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया। पार्टी पदाधिकारियों ने विश्वास जताया है कि तौसिफ इकबाल के नेतृत्व में छात्र मोर्चा को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी तथा संगठन जिला स्तर पर और अधिक सशक्त होगा।






