पाकुड़। झारखंड विधानसभा की प्राक्कलन समिति ने शुक्रवार को पाकुड़ परिसदन सभागार में जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति सह लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू ने की।
बैठक में बगोदर विधायक नागेन्द्र महतो, घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन तथा टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो उपस्थित रहे। समिति ने विभागवार योजनाओं के प्राक्कलन, बजट प्रावधान एवं क्रियान्वयन की स्थिति की बारीकी से समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान कई योजनाओं की धीमी प्रगति पर समिति ने कड़ा असंतोष व्यक्त किया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए। साथ ही योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
समिति ने कहा कि विकास योजनाओं में पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ आम जनता तक समय पर पहुंच सके। अनावश्यक व्यय पर रोक लगाने और संसाधनों के बेहतर उपयोग के निर्देश भी दिए गए। बैठक में मंडल कारा, राजस्व एवं भूमि सुधार, डीएमएफटी, परिवहन, विद्युत, शिक्षा, पथ निर्माण, भवन प्रमंडल और समाज कल्याण सहित कई विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में आईटीडीए परियोजना निदेशक, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, मुख्यालय डीएसपी सहित कई विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।








