पाकुड़। झामुमो के संस्थापक और दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर आगामी चार अगस्त को पाकुड़ के पुराने डीसी चौक पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविवार को धनुषपूजा स्थित झामुमो जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम की अध्यक्षता में जिला समिति की बैठक हुई। बैठक में जिलाध्यक्ष ने दावा किया कि प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में जिलेभर से 10 से 15 हजार कार्यकर्ता शामिल होंगे। अजीजुल इस्लाम ने कहा कि कार्यक्रम में राज्य सरकार के मंत्री, सांसद विजय हांसदा, केंद्रीय सचिव सह प्रवक्ता पंकज मिश्रा सहित सभी विधायक भी शामिल होंगे। उन्होंने सभी प्रखंड और नगर समितियों के पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार कर आम लोगों और कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम की जानकारी देने का निर्देश दिया। बैठक में विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाध्यक्ष ने प्रखंड और नगर समिति के पदाधिकारियों से अब तक किए गए कार्यों की जानकारी ली। जिला उपाध्यक्ष हाजी समद अली और हरिवंश चौबे ने कार्यकर्ताओं से गुरुजी शिबू सोरेन की पुण्यतिथि और प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम की जानकारी पंचायत स्तर तक पहुंचाने की अपील की। जिला सचिव माईकिल मुर्मू ने अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं और समर्थकों से पाकुड़ पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया। बैठक में केंद्रीय समिति सदस्य निशा शबनम हांसदा, मिथिलेश घोष, उमर फारूक, जिला संगठन सचिव अनारूद्दीन मियां, मुनीराम मरांडी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष जोसेफिना हेम्ब्रम, नगर अध्यक्ष मुकेश सिंह, विभिन्न प्रखंडों के अध्यक्ष-सचिव समेत जिला समिति के पदाधिकारी और सैकड़ों महिला-पुरुष कार्यकर्ता मौजूद थे।






