मुआवजे और कार्रवाई के आश्वासन पर दोपहर 12 बजे हटा जाम, पुलिस ने हाइवा जब्त कर शुरू की जांच
पाकुड़िया थाना क्षेत्र के तेगुड़िया गांव में मंगलवार की रात तेज रफ्तार ट्रेलर हाइवा की चपेट में आने से साइकिल सवार दिहाड़ी मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रामघाटी निवासी 45 वर्षीय दिनेश बेसरा, पिता स्व. सुरीन बेसरा के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर फरार हो गया, जिसे पुलिस ने पीछा कर सरला गांव के पास पकड़ लिया। हालांकि, चालक मौके से भागने में सफल रहा।
जानकारी के अनुसार, दिनेश बेसरा मंगलवार को गुमराजोली पहाड़ में दिहाड़ी मजदूरी करने के बाद साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। रात करीब आठ बजे तेगुड़िया गांव के पास राधानगर क्रेशर की ओर गिट्टी लेकर जा रहे बिहार नंबर के तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हाइवा उन्हें कुचलते हुए आगे निकल गया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने हाइवा (बीआर 28 जीबी 4460) को जब्त कर थाना लाया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़: दिनेश बेसरा परिवार के अकेले कमाने वाले सदस्य थे। दिहाड़ी मजदूरी कर वह पत्नी और चार छोटे बच्चों का भरण-पोषण करते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मुआवजे की मांग पर सड़क जाम: घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने उचित मुआवजे और कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया। बुधवार सुबह एसडीपीओ महेशपुर विजय कुमार, बीडीओ सोमनाथ बनर्जी तथा पाकुड़िया, महेशपुर, अमड़ापाड़ा और रद्दीपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। लंबी बातचीत और प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने दोपहर करीब 12 बजे जाम हटाने पर सहमति जताई। प्रशासन ने मृतक के आश्रितों को सरकारी प्रावधान के तहत बाबा साहेब आवास, आपदा प्रबंधन मद से सहायता राशि, पत्नी को विधवा पेंशन तथा बच्चों की शिक्षा के लिए उचित सहयोग दिलाने का आश्वासन दिया। साथ ही जब्त हाइवा के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया गया।
जाम हटने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पाकुड़ भेज दिया। मामले की जांच जारी है।





