गोकुलपुर के पास नई सड़क से निकलने लगी गिट्टियां, जगह-जगह गड्ढे; ग्रामीणों ने जांच की मांग उठाई।
इकबाल हुसैन
महेशपुर। प्रखंड क्षेत्र में सोनारपाड़ा से अंबेडकर चौक तक हाल में निर्मित सड़क की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। निर्माण कार्य पूरा होने के तुरंत बाद ही सड़क कई जगहों से उखड़ने लगी है। गोकुलपुर के समीप सड़क की ऊपरी परत से डामर हटने के साथ गिट्टियां बाहर निकल आई हैं और जगह-जगह छोटे-बड़े गड्ढे बनने लगे हैं। इससे सड़क से गुजरने वाले राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों की अनदेखी करते हुए घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है। उनका कहना है कि नई सड़क का इस तरह से उखड़ना निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों ने बताया कि यदि समय रहते इसकी जांच और मरम्मत नहीं कराई गई तो सड़क जल्द ही पूरी तरह जर्जर हो सकती है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से सड़क निर्माण की गुणवत्ता की स्थल जांच कराने, निर्माण में इस्तेमाल सामग्री की जांच करने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित संवेदक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उखड़े हिस्सों की शीघ्र मरम्मत कराकर सड़क को निर्धारित मानकों के अनुरूप दुरुस्त कराने की मांग उठाई है। नई सड़क के निर्माण के तुरंत बाद डामर उखड़ने का मामला सामने आने से संबंधित विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। अब ग्रामीणों की नजर प्रशासनिक जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी है।






