Search

June 12, 2026 11:18 pm

अमर शहीद जावरा पहाड़िया उर्फ तिलका मांझी की प्रतिमा का अनावरण, वक्ताओं ने बलिदान को किया याद।

अमर भगत

आमड़ापाड़ा (पाकुड़)। प्रखंड क्षेत्र के बंगलों डुमरचिर पंचायत अंतर्गत छोटा बंधकोई मौजा में रविवार को अमर शहीद जावरा पहाड़िया उर्फ तिलका मांझी की प्रतिमा का अनावरण किया गया। प्रधान बामना पहाड़िया की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में पहाड़िया रीति-रिवाज के अनुसार पुजारी जबड़ा पहाड़िया नादो ने पूजा-अर्चना कराई। इसके बाद अतिथियों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं नारियल फोड़कर अनावरण किया।
समारोह में अखिल भारतीय आदिम जनजाति विकास समिति झारखंड के महासचिव शिवचरण मालतो, मुख्य सलाहकार बैजनाथ पहाड़िया, संयुक्त सचिव डेविड मालतो, केंद्रीय उपाध्यक्ष बैजनाथ पहाड़िया, प्रवक्ता कमलेश्वर पहाड़िया, मुखिया धर्मदेव पहाड़िया, गुरु बाबा मोतीलाल पहाड़िया, सरदार जमुना पहाड़िया, नायब सोनिया पहाड़िया, देवनारायण पहाड़िया सहित कई लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों का पारंपरिक तरीके से पैर धोकर और माला पहनाकर स्वागत किया गया। कादरी पहाड़िन, टुप्पली पहाड़िन, सीता पहाड़िन, सुरजी पहाड़िन, कमली पहाड़िन और तूरई पहाड़िन ने गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर शिवचरण मालतो ने कहा कि अमर शहीद जावरा पहाड़िया उर्फ तिलका मांझी ने अंग्रेजों के शोषण, दमन और अत्याचार के खिलाफ लंबी लड़ाई लड़ी। उनका बलिदान इतिहास में दर्ज है और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि शहीदों के सपनों को पूरा करने के लिए समाज को आगे बढ़कर काम करने की जरूरत है। उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि छोटा बंधकोई गांव में आज भी सड़क, शुद्ध पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। विकास के दावों के बावजूद ग्रामीणों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य सलाहकार बैजनाथ पहाड़िया ने कहा कि पहाड़िया समाज बाबा साहेब के आदर्शों को हमेशा याद रखेगा। वहीं डेविड मालतो ने शहीद जावरा पहाड़िया के बलिदान को जीवन में अपनाने और भावी पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण पुरुष, महिलाएं और बच्चे उपस्थित रहे।

img 20260612 wa00151413049967262058082
img 20260612 wa00164312606500482425500

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!