पाकुड़िया। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को पाकुड़िया प्रखंड मुख्यालय स्थित जामा मस्जिद में विशेष धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मगरिब की नमाज के बाद शुरू हुआ कार्यक्रम रात करीब 9:30 बजे विशेष दुआ के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मदरसा इस्लामिया तजवीदुल कुरआन के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने नात-ए-पाक पेश करने के साथ कुरआन की आयतों की तिलावत की। इस दौरान पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की सुन्नत, उनकी शिक्षाओं तथा इंसानियत, भाईचारे और नेक रास्ते पर चलने का संदेश दिया गया। बच्चों की प्रस्तुतियों से कार्यक्रम स्थल पर पूरे समय धार्मिक एवं आध्यात्मिक माहौल बना रहा। कार्यक्रम की देखरेख जामा मस्जिद के इमाम मुफ्ती नूर आलम एवं हाफिज रिजवान अंसारी ने की। उन्होंने बच्चों को पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जीवन और उनकी शिक्षाओं से प्रेरणा लेने तथा समाज में प्रेम, भाईचारा और आपसी सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए उन्हें कॉपी और कलम देकर सम्मानित किया गया। अंत में मुल्क और समाज में अमन-चैन, भाईचारे, खुशहाली एवं सभी लोगों की सलामती के लिए विशेष दुआ की गई। मौके पर नायब इमाम हाफिज मुबारक हुसैन, मो. मोताहर हुसैन, इस्माइल मियां, शफीक अंसारी, अलीमुद्दीन अंसारी, मो. फारुक अहमद, यादरसुल अंसारी, तौहीद अंसारी, हाफिज शाहजहां, हबीबुल्लाह अंसारी सहित जामा मस्जिद कमेटी के सदस्य एवं बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।






