अमर भगत
पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा प्रखंड अंतर्गत बासमती गांव के मेधावी छात्र-छात्राओं ने मैट्रिक परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर टॉप 10 में अपनी जगह बनाई है। इस उपलब्धि पर प्रखंड प्रशासन ने प्रखंड कार्यालय के सभागार में सम्मान समारोह आयोजित कर इन प्रतिभाओं को पुरस्कृत किया। सम्मानित छात्रों में माला कुमारी (93.6%), स्वीटी कुमारी (93.8%) और गौर मंडल (93.2%) शामिल हैं। इन सभी ने अपनी मेहनत और लगन से न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे प्रखंड और जिले का नाम रोशन किया है। इस अवसर पर बीडीओ प्रमोद कुमार गुप्ता, सीओ औसफ अहमद खान तथा बीआरसी के बीपीओ ने संयुक्त रूप से छात्रों को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अधिकारियों ने कहा कि इन बच्चों की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है। यह उपलब्धि उनके आगे की पढ़ाई के लिए एक मजबूत आधार बनेगी और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए नई ऊर्जा देगी। प्रशासन ने यह भी कहा कि ऐसे मेधावी छात्रों को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा, ताकि वे उच्च शिक्षा हासिल कर समाज और देश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।








