Search

August 26, 2026 7:30 am

पांच दिन तक वैन के नीचे फंसा रहा बछड़ा, रेस्क्यू कर शुरू किया इलाज

अस्पताल कर्मियों की सूचना पर पहुंची पशुपालन विभाग की टीम, हालत में सुधार

पाकुड़। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में खराब खड़ी मोबाइल मेडिकल वैन के नीचे करीब पांच दिनों से फंसे एक बीमार बछड़े को शनिवार को सुरक्षित बाहर निकालकर उसका इलाज शुरू किया गया। अस्पताल कर्मियों की सतर्कता और पशुपालन विभाग की त्वरित कार्रवाई से बेजुबान की जान बच गई। शनिवार को अस्पताल कर्मचारियों की नजर वैन के नीचे पड़े एक बछड़े पर पड़ी। वह काफी कमजोर और बीमार हालत में था। कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना जिला पशुपालन विभाग को दी। जानकारी मिलने के बाद जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. नीरज गुप्ता के निर्देश पर पशु चिकित्सकों की टीम आवश्यक दवाओं और उपकरणों के साथ अस्पताल पहुंची। टीम ने सावधानीपूर्वक बछड़े को वैन के नीचे से बाहर निकाला और मौके पर ही उसका उपचार शुरू किया। चिकित्सकों ने बछड़े को दवाएं देने के साथ ड्रिप भी चढ़ाई। पशु चिकित्सकों के अनुसार, इलाज के बाद उसकी स्थिति में सुधार के संकेत मिले हैं और उसे निगरानी में रखा गया है।
अस्पताल कर्मियों ने बताया कि बछड़ा कई दिनों से वैन के नीचे फंसा हुआ था। समय पर सूचना मिलने और पशुपालन विभाग की तत्परता से उसे उपचार मिल सका। इस मानवीय पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए कहा कि समय रहते रेस्क्यू नहीं होता तो बछड़े की जान पर खतरा बढ़ सकता था।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!