पहाड़िया दीदियों के काम की सराहना, बोले– महिला सशक्तिकरण का यह मॉडल पूरे झारखंड के लिए प्रेरणा।
प्रशांत मंडल
पाकुड़: लिट्टीपाड़ा के विधायक हेमलाल मुर्मू के नेतृत्व में झारखंड विधानसभा की प्राक्कलन समिति ने शुक्रवार को पाकुड़ जिले का दौरा किया। समिति के सभापति के रूप में हेमलाल मुर्मू ने पूरे निरीक्षण की अगुवाई की और जिले में चल रही विकास योजनाओं, खासकर महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण आजीविका से जुड़े कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान समिति में शामिल बगोदर विधायक नागेन्द्र महतो, घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन और टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने भी विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण किया। टीम ने लिट्टीपाड़ा प्रखंड में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के तहत चल रही गतिविधियों की समीक्षा की। दौरे का सबसे अहम पड़ाव ‘गुतू गलांग कल्याण ट्रस्ट’ रहा, जहां पहाड़िया समुदाय की महिलाओं द्वारा किए जा रहे आत्मनिर्भरता के कार्यों ने सभी को प्रभावित किया। यहां बोरा सिलाई इकाई, कृषि उत्पाद प्रसंस्करण और स्वरोजगार गतिविधियों को देखकर समिति ने इसे सफल ग्रामीण मॉडल बताया।हेमलाल मुर्मू ने मौके पर कहा कि “गुतू गलांग ने पूरे राज्य में अपनी अलग पहचान बनाई है। यह महिला सशक्तिकरण और सामाजिक बदलाव का मजबूत उदाहरण है, जिसे अन्य जगहों पर भी अपनाने की जरूरत है।” ट्रस्ट के माध्यम से तैयार किए जा रहे बोरे राज्य के सभी 24 जिलों में भेजे जा रहे हैं, जबकि बरबटी, अरहर और कुलथी जैसी स्थानीय फसलों से दाल उत्पादन और विपणन कर महिलाओं को स्थायी रोजगार मिल रहा है।
समिति के अन्य सदस्यों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह मॉडल ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रभावी कदम है। निरीक्षण के अंत में हेमलाल मुर्मू ने कहा कि पाकुड़ में इस तरह की पहलें राज्य के विकास की नई दिशा तय कर रही हैं और आने वाले समय में यह मॉडल पूरे झारखंड के लिए मार्गदर्शक साबित होगा।









