पाकुड़: नगर थाना क्षेत्र के गांधी चौक के समीप रविवार रात एक व्यक्ति से सोने की चेन छीन लिए जाने की घटना सामने आई है। यह वारदात रात करीब 8:10 बजे उस समय हुई, जब इलाके में सामान्य आवाजाही बनी हुई थी। जानकारी के अनुसार, भगतपाड़ा निवासी सर्वजीत सिंह कुशवाहा पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान होटल रिलैक्स के पास स्थित एक साइकिल दुकान के सामने पीछे से बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे। बाइक के पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन खींच ली और दोनों तेजी से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग जुटे और बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया। हालांकि, अंधेरे और संकरी गलियों का फायदा उठाकर आरोपी भागने में सफल रहे।
शहर के व्यस्त इलाके में हुई इस छिनतई की घटना से स्थानीय लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। लोगों का कहना है कि मुख्य मार्गों पर गश्त के बावजूद इस तरह की घटनाएं चिंता का विषय हैं। मामले को लेकर सर्वजीत सिंह कुशवाहा ने नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। थाना प्रभारी ने जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।







