पाकुड़। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के संग्रामपुर दक्षिण टोला में मंगलवार शाम दो माह के दूधमुंहे बच्चे की संदिग्ध मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मासूम की गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने बच्चे के माता-पिता के साथ उसकी दादी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
बताया जाता है कि संग्रामपुर निवासी सारजेन शेख करीब एक वर्ष पहले रोजगार के लिए चेन्नई गया था। वहां उसकी मुलाकात असम के गुवाहाटी की एक युवती से हुई। दोनों के बीच प्रेम संबंध हुआ और बाद में दोनों ने शादी कर ली। शादी के बाद सारजेन अपनी दूसरी पत्नी को लेकर गांव लौट आया। ग्रामीणों के अनुसार, कुछ समय तक दोनों के बीच संबंध सामान्य रहे, लेकिन बाद में सारजेन के अपनी पहली पत्नी से दोबारा संपर्क में आने के बाद दंपती के बीच विवाद बढ़ने लगा। मंगलवार शाम सारजेन के घर से अचानक शोर-शराबे की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुटे। इसी दौरान दो माह के मासूम की मौत की खबर सामने आई। बच्चे की संदिग्ध मौत को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। ग्रामीणों ने बच्चे की गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई।
घटना के बाद बच्चे के माता-पिता एक-दूसरे पर आरोप लगाने लगे। सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस ने आरोपी पिता की मां और मृत बच्चे की दादी को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में दादी द्वारा अपने बेटे को कथित रूप से उकसाने की बात सामने आई है। हालांकि, इस आरोप की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। मासूम की मौत हत्या है या किसी अन्य कारण से हुई, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए तीनों लोगों से पूछताछ कर घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। मासूम की मौत के बाद संग्रामपुर दक्षिण टोला में मातम पसरा है। जिस बच्चे की किलकारी से घर गूंजना था, उसकी संदिग्ध मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।







