पाकुड़: नगर थाना क्षेत्र के किताझोर इलाके में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ ‘ब्राउन शुगर’ के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान किताझोर निवासी शीश मोहम्मद शेख उर्फ राहुल के रूप में हुई है।
पुलिस को मिली सूचना के बाद तत्काल एक विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी के पास से कुल 12.81 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। इसमें 6.64 ग्राम नशीला पदार्थ 14 पुड़िया में तैयार अवस्था में था, जबकि 6.17 ग्राम पदार्थ पुड़िया बनाने के लिए अलग रखा गया था। इसके अलावा 2,390 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
छापेमारी टीम में कार्यकारी मजिस्ट्रेट सह अंचलाधिकारी अरविंद कुमार बेदिया, नगर थाना प्रभारी अनिल गुप्ता, सब इंस्पेक्टर बिक्रन, अनंत साह, मिथुन रजक सहित महिला पुलिस बल और अन्य जवान शामिल थे। इस संबंध में नगर थाना में कांड संख्या 92/26 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।





