पाकुड़। मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को त्रुटिरहित, पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने एक ओर समाहरणालय में सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों और बीएलओ सुपरवाइजरों के साथ समीक्षा बैठक कर कार्यों की गुणवत्ता पर जोर दिया, वहीं दूसरी ओर महेशपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर जमीनी स्तर पर चल रहे पुनरीक्षण कार्य का जायजा लिया। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने का अभियान है। मतदाता सूची की शुद्धता और गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक बीएलओ घर-घर संपर्क कर पूरी सावधानी से प्रपत्र भरें, दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन करें, मतदाताओं की सही मैपिंग सुनिश्चित करें तथा प्रतिदिन फॉर्म संग्रह, सत्यापन और डिजिटाइजेशन का कार्य जारी रखें। जहां तकनीकी या नेटवर्क संबंधी समस्या होगी, वहां रविवार को विशेष कैंप लगाकर लंबित कार्यों का निष्पादन कराया जाएगा।
बैठक में बीएलओ सुपरवाइजरों को निर्देश दिया गया कि वे प्रत्येक बीएलओ के कार्य की नियमित निगरानी करें, तकनीकी कठिनाइयों का तत्काल समाधान कराएं और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त प्रशिक्षण उपलब्ध कराएं। साथ ही एएसडीडी एवं अनमैप्ड मतदाताओं का अद्यतन आंकड़ा तैयार रखने, सभी बैठकों का कार्यवृत्त एवं फोटो पोर्टल पर अपलोड करने तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी ने प्रपत्र भरने, डिजिटाइजेशन, मैपिंग और अभिलेख सत्यापन की तकनीकी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि केवल सत्यापित अभिलेखों के आधार पर ही प्रविष्टियां की जाएं और किसी भी प्रकार की अनुमानित जानकारी दर्ज नहीं की जाए।
इसके बाद उपायुक्त ने महेशपुर विधानसभा क्षेत्र के खजूरडांगाल और बासेतकुण्डी मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर बीएलओ के कार्य, घर-घर सर्वे, गणना प्रपत्रों, प्राप्त आवेदनों और अभिलेखों की जांच की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि प्रशिक्षण का सकारात्मक असर जमीनी स्तर पर दिख रहा है और अधिकांश केंद्रों पर बीएलओ पूरी सावधानी के साथ मतदाताओं से जानकारीy लेकर प्रपत्र भर रहे हैं। उन्होंने संतोष जताते हुए कहा कि कहीं कोई गंभीर त्रुटि नहीं मिली और छोटी-मोटी कमियों को भी जांच के बाद तुरंत सुधारा जा रहा है। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मतदाताओं से संवाद कर अपील की कि वे अपने नाम का मतदाता सूची में सत्यापन अवश्य करें। यदि नाम जोड़ने, संशोधन या अन्य किसी सुधार की आवश्यकता हो तो निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से समय पर आवेदन करें। उन्होंने कहा कि हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना लोकतंत्र की सबसे बड़ी मजबूती है और जिला प्रशासन इस अभियान को पूरी पारदर्शिता, शुद्धता और तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।







