सतनाम सिंह
पाकुड़। एनीमिया मुक्त भारत योजना के तहत बेहतर कार्य करने के कारण जनवरी 2025 में पाकुड़ ने राज्य में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के लिए उपायुक्त मनीष कुमार ने स्वास्थ्य विभाग एवं समाज कल्याण विभाग की पूरी टीम को बधाई दी। इस बार पहले स्थान पर पूर्वी सिंहभूम, दूसरे स्थान पर जामताड़ा, तीसरे स्थान पर पाकुड़, चौथे स्थान पर पश्चिमी सिंहभूम और पांचवें स्थान पर धनबाद रहा। उपायुक्त ने कहा कि एनीमिया से मुक्ति के लिए स्वास्थ्य विभाग और समाज कल्याण विभाग अपने-अपने स्तर पर प्रयास कर रहे हैं। इसके साथ ही जिला प्रशासन की निगरानी में संयुक्त रूप से भी कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आ रहा है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों से आग्रह किया कि इस गति को बनाए रखें और जिले को एनीमिया मुक्त बनाने के लक्ष्य को जल्द पूरा करें। उपायुक्त ने लोगों से अपील की कि वे एनीमिया की रोकथाम के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं और पौष्टिक आहार का सेवन करें। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर ध्यान देने की जरूरत पर जोर दिया।