Search

February 19, 2026 12:24 am

मकर संक्रांति पर सितपुर गरम कुंड में आस्था का महासंगम, हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई पवित्र डुबकी

पाकुड़िया/पाकुड़:मकर संक्रांति के पावन अवसर पर बुधवार को पाकुड़िया प्रखंड अंतर्गत सितपुर गरम कुंड स्थल पर आस्था और परंपरा का भव्य नजारा देखने को मिला। आदिवासी साफाहोड़ समाज के हजारों श्रद्धालु अपने-अपने धर्मगुरुओं के नेतृत्व में पवित्र गरम कुंड में आस्था की डुबकी लगाने पहुंचे। झारखंड, पश्चिम बंगाल और बिहार के विभिन्न जिलों से आए श्रद्धालुओं ने देवाधिदेव महादेव, भगवान सूर्य, श्रीराम और श्रीकृष्ण की पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। पूजा के दौरान तुलसी पिंड से निर्मित सैकड़ों पूजा स्थलों पर त्रिशूल और झंडा गाड़कर फल, फूल, बेलपत्र और मिष्ठान्न अर्पित किए गए। भक्तिरस में डूबे श्रद्धालु वाद्ययंत्रों के साथ भजन-कीर्तन में लीन नजर आए। कई भक्तों ने पूजा के उपरांत तिल, चूड़ा, दही, तिलकुट आदि सामग्री का स्पर्श कर दान-पुण्य भी किया।
इसी उपलक्ष्य में विराट गरम पानी मेला का आयोजन किया गया है, जिसका शुभारंभ मंगलवार को हुआ। यह मेला अगले दो दिनों तक चलेगा। मेले में उमड़ी लाखों की भीड़ ने तारामाची, सर्कस, चिड़ियाघर, संथाली ड्रामा और मीना बाजार जैसे मनोरंजन साधनों का भरपूर आनंद उठाया। वहीं मिठाइयों के साथ लोहे और लकड़ी से बने विभिन्न घरेलू व पारंपरिक सामानों की जमकर खरीदारी हुई। मेले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो के नेतृत्व में पुलिस पेट्रोलिंग दल लगातार भ्रमण कर भीड़ की निगरानी करता रहा। पेयजल के लिए टैंकरों की व्यवस्था की गई है, जबकि आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन वाहन और स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम मेला परिसर में तैनात है। सुरक्षा की दृष्टि से मेला स्थल के पास दो और चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। वाहनों के लिए मुख्य आरईओ सड़क किनारे स्टैंड की व्यवस्था की गई है। ग्राम प्रधान सेकेन सोरेन अपनी वोलेंटियर टीम के साथ व्यवस्था संभालते हुए सक्रिय नजर आए। मेले का निरीक्षण करने जिला अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, बीडीओ सोमनाथ बनर्जी और थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो भी पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आस्था, परंपरा और प्रशासनिक सजगता के संगम ने सितपुर गरम कुंड मेले को यादगार बना दिया।

img 20260114 wa00638783253331366494652
img 20260114 wa00623071337307209248793

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर