टेम्पो में सवार अज्ञात महिला ने मां के माथे पर हाथ फेर कर बनाया शिकार, लावारिस हालत में शहरकोल में मिला मासूम, हिरणपुर पुलिस और CWC की सतर्कता से मां की गोद फिर से भरी
बजरंग पंडित
हिरणपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को हुई एक दर्दनाक घटना ने हर किसी को झकझोर दिया। एक मां की गोद से तीन महीने का मासूम बच्चा टेम्पो यात्रा के दौरान संदिग्ध महिला द्वारा चुरा लिया गया। मां की चीख, असहाय आंखें और थरथराते हाथ — पूरा थाना और बाजार उस समय स्तब्ध रह गया। लेकिन 48 घंटे की सघन तलाश, सीसीटीवी खंगालना और लोगों की सजगता के बाद शुक्रवार सुबह उस मां की गोद फिर से भर सकी।
बड़तल्ला निवासी अताउल्ला रहमान की पत्नी तंजीला बीबी अपने पिता के साथ बुधवार को हिरणपुर बाजार दवा लेने आई थीं। दवा लेने के बाद वह अपने तीन महीने के बच्चे को गोद में लिए मोहनपुर स्थित रिश्तेदार के घर जाने के लिए टेम्पो में बैठीं। तभी उसी टेम्पो में बैठी एक अज्ञात महिला ने तंजीला के माथे पर हाथ फेरा और उन्हें बहला-फुसलाकर गोद से बच्चा चुरा लिया।
तंजीला के अनुसार जब वह मोहनपुर मोड़ पर उतरने लगी तो उस महिला ने उसे पकड़कर उतरने नहीं दिया और जबरन पाकुड़ ले गई। वहां से एक और ऑटो में बैठाकर हिरणपुर थाना के सामने उसे दोपहर करीब ढाई बजे अकेले उतार दिया गया। महिला बच्चा लेकर फरार हो चुकी थी।
पुलिस को जब सूचना मिली तो हिरणपुर थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह ने तत्काल एक्शन लेते हुए पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज से लेकर क्षेत्रीय पूछताछ और अन्य तकनीकी संसाधनों के जरिए जांच आगे बढ़ाई गई।
फिर शुक्रवार सुबह उम्मीद की किरण जगी। पाकुड़ शहर के शहरकोल मुहल्ले में स्थित अनुज मेडिकल के सामने वाले एक घर के गेट पर एक लावारिस बच्चा पाया गया। घरवालों ने जैसे ही दरवाजा खोला, गेट के पास मासूम को अकेला पड़ा पाया। उन्होंने तुरंत सीडब्लूसी को सूचना दी।
सीडब्लूसी और हिरणपुर थाना की संयुक्त कार्रवाई में बच्चे की पहचान की गई और उसे सकुशल मां की गोद में सौंप दिया गया। बच्चे को देख मां फूट-फूट कर रो पड़ी। इस दृश्य ने वहां मौजूद हर शख्स को भावुक कर दिया।
थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह ने बताया कि, “घटना में संलिप्त लोगों को चिन्हित किया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”







