घाघरजानी में बंद पड़े घर से 25 ग्राम ब्राउन शुगर, 1.6 किलो गांजा समेत कई सामान बरामद
हिरणपुर (पाकुड़): मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पाकुड़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हिरणपुर थाना क्षेत्र के घाघरजानी गांव से ब्राउन शुगर और गांजा के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में मादक पदार्थ, बिक्री में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और एक मोटरसाइकिल भी बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक पाकुड़ अनुदीप सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि हिरणपुर थाना क्षेत्र के घाघरजानी स्थित कृष्णा साहा के बंद पड़े घर में अवैध रूप से ब्राउन शुगर और गांजा की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। छापेमारी दल जब मौके पर पहुंचा तो वहां कुछ लोग सिगरेट, बीड़ी और गांजा का सेवन करते मिले। पुलिस को देखते ही कई लोग भागने लगे। इसी दौरान पुलिस ने दो युवकों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में कृष्णा कुमार साहा (33 वर्ष), पिता भीम साहा, ग्राम तारापुर और सूरज कुमार दुबे (20 वर्ष), पिता स्व. रविशंकर दुबे, ग्राम हाथकाठी (छिटकापाड़ा), थाना हिरणपुर शामिल हैं।
पुलिस ने बंद पड़े घर की तलाशी के दौरान सिल्वर रंग के प्लास्टिक में रखा 25 ग्राम ब्राउन शुगर, पीले रंग के थैले में रखा 1.6 किलो गांजा, चार इलेक्ट्रॉनिक माप-तौल मशीन, एक चिलम, मादक पदार्थ पैकिंग करने वाला करीब 1000 पीस प्लास्टिक पन्नी और एक काले रंग की मोटरसाइकिल (WB24AH3880) बरामद की। इस मामले में हिरणपुर थाना कांड संख्या 40/2026, दिनांक 16.06.2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(b)/22(b) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सूरज कुमार दुबे का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हिरणपुर, पाकुड़िया थाना समेत अन्य मामलों में प्राथमिकी दर्ज है। छापेमारी अभियान में हिरणपुर थाना प्रभारी विनय कुमार सहित थाना के पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।






