पाकुड़। शहर के कित्ताझोर मोहल्ला में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। एक कलयुगी बेटे ने शराब के नशे में अपने ही 65 वर्षीय पिता की कथित तौर पर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, आरोपी दिवाकर सरदार (40) मंगलवार देर रात अपने पिता अनूप सरदार के साथ घर में शराब पी रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर दिवाकर ने हसुआ से अपने पिता के सिर पर वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिवार में तीन संतान हैं, जिनमें दो बेटियों की शादी हो चुकी है। आरोपी दिवाकर सबसे छोटा बेटा है। वहीं आरोपी के भी पांच बच्चे हैं। आरोपी की बेटी वर्षा सरदार ने बताया कि उसका पिता अक्सर शराब के नशे में परिवार के साथ मारपीट करता था। उसने यह भी आरोप लगाया कि पहले भी वह अपनी पत्नी को जलाकर मारने की कोशिश कर चुका था। परिवार लंबे समय से घरेलू हिंसा से परेशान था। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद में हत्या का प्रतीत हो रहा है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।








