इकबाल हुसैन
महेशपुर (पाकुड़): प्रखंड के हरीशपुर स्थित जामा मस्जिद की तामीर व तरक्की के उद्देश्य से इस्लाहे मुआशारा कान्फ्रेंस के तहत एक भव्य जलसा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के दौरान आयोजकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम में बंगलौर से आए हजरत मौलाना व अल्लामा जमील अहमद साहब कासमी तथा कोलकाता से आए हजरत मौलाना मुफ्ती सोहराब अली साहब कासमी ने विशेष खिताबत पेश की। दोनों विद्वानों ने इस्लाहे मुआशारा यानी समाज सुधार, आपसी भाईचारा, नैतिक मूल्यों और शिक्षा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि उपासना मरांडी ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे धार्मिक और सामाजिक आयोजन समाज में एकता, सौहार्द और समरसता को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज के विकास के लिए शिक्षा, नैतिक मूल्य और आपसी सहयोग को बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे धार्मिक शिक्षाओं को जीवन में अपनाकर समाज में अमन-चैन और भाईचारे को बनाए रखें। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक मुद्दों पर भी चर्चा की गई और लोगों से समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष जोसेफिना हेम्ब्रम, प्रखंड सह सचिव अखलाकुर रहमान, अनीता मुर्मू, बबलु अंसारी, मुर्तेजा अंसारी, शमीम अंसारी, मतलेब अंसारी, अबुतालिब अंसारी, अकबर अंसारी, नसीम अंसारी सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता, स्थानीय ग्रामीण, धर्मप्रेमी एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






