Search

April 26, 2026 10:47 am

लिट्टीपाड़ा: ट्रैक्टर की चपेट में आई महिला की मौत, पुलिस ने वाहन जब्त कर जांच शुरू की

प्रशांत मंडल

लिट्टीपाड़ा: लिट्टीपाड़ा के सिमलोंग ओपी क्षेत्र में धरमपुर-सिमलोंग सड़क के धमनी मोड़ के पास शनिवार को एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक अधेड़ महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को पुलिस की मदद से लिट्टीपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सोनाजोडी सदर अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र के धमनी चौधरी टोला निवासी शंकर दत्ता की पत्नी लतिका देवी अपने पुत्र के ससुराल हिरणपुर से लौट रही थीं। धमनी मोड़ पर बस से उतरकर सड़क पार करते समय सिमलोंग की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में महिला का पैर टूट गया और वह सड़क किनारे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस को सूचना मिलने पर तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर घायल महिला को अस्पताल पहुँचाया गया, लेकिन दुर्भाग्यवश, सोनाजोडी सदर अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। ओपी प्रभारी बिनोद कुमार ने बताया कि घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!