पाकुड़/लिट्टीपाड़ा। लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के शामपुर गांव में महिला की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने घटना में संलिप्त आरोपी हथीया हेम्ब्रम (55) को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून लगी कुल्हाड़ी भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई को शामपुर गांव में एक महिला की सिर और गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार कर हत्या किए जाने की सूचना मिली थी। मामले में लिट्टीपाड़ा थाना कांड संख्या 43/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ पाकुड़ कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।एसआईटी ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हथीया हेम्ब्रम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। गिरफ्तार आरोपी शामपुर गांव का ही रहने वाला है। पुलिस उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई में जुटी है।
छापेमारी टीम में एसडीपीओ कुमार गौरव, लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी विवेक कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अनिल कुमार पंडित, मोतिलाला मिश्रा, सहायक अवर निरीक्षक विजय कुमार मंडल समेत तकनीकी शाखा और लिट्टीपाड़ा थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।








