इकबाल हुसैन
महेशपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव के पास एक अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आने से 18 वर्षीय युवक एग्निसियस टुडू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने ट्रैक्टर में आग लगा दी।मिली जानकारी के अनुसार, पाकुड़ से महेशपुर की ओर आ रही एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने जगदीशपुर गांव निवासी एग्निसियस टुडू को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एग्निसियस की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद ग्रामीण उग्र हो गए और गुस्से में ट्रैक्टर को आग के हवाले कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही महेशपुर थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महेशपुर भेजा, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक के शव को सड़क पर रखकर मुख्य मार्ग जाम कर दिया और मुआवजे की मांग शुरू कर दी। ग्रामीणों का कहना है कि अनियंत्रित वाहनों पर कार्रवाई होनी चाहिए और मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जानी चाहिए। समाचार लिखे जाने तक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर स्थिति को नियंत्रण में लाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने और जाम हटाने के लिए वार्ता शुरू कर दी है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषी वाहन मालिक और चालक पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही मुआवजे के संबंध में भी प्रशासन उचित कदम उठाएगा। इस हादसे ने क्षेत्र में अनियंत्रित वाहनों और यातायात सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि सड़क सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।






