Search

May 12, 2026 8:01 pm

जियो नेटवर्क की बदहाली पर उबाल, युवा कांग्रेस ने आंदोलन की दी चेतावनी

प्रशांत मंडल

लिट्टीपाड़ा (पाकुड़): लिट्टीपाड़ा क्षेत्र में रिलायंस जियो की मोबाइल सेवा लगातार बदहाल होती जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नेटवर्क की खराब स्थिति और बार-बार आने वाली तकनीकी दिक्कतों को लेकर युवा कांग्रेस के जिला महासचिव मिलन कुमार मंडल ने कड़ा विरोध जताया है और कंपनी के खिलाफ जन-आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी है।
मिलन मंडल ने कहा कि क्षेत्र में जियो नेटवर्क की स्थिति पूरी तरह चरमरा गई है। सबसे गंभीर समस्या तब उत्पन्न होती है जब बिजली आपूर्ति बाधित होती है। बिजली गुल होते ही मोबाइल नेटवर्क भी पूरी तरह ठप हो जाता है, जिससे स्पष्ट है कि टावरों में पर्याप्त पावर बैकअप की व्यवस्था नहीं की गई है। उन्होंने इसे “डिजिटल इंडिया” के दावों पर सवाल खड़ा करने वाला बताया।
उन्होंने कहा कि इस अव्यवस्था का सबसे अधिक असर छात्रों पर पड़ रहा है। ऑनलाइन पढ़ाई, परीक्षा फॉर्म भरने और अन्य शैक्षणिक कार्य बाधित हो रहे हैं। इसके अलावा बैंकिंग और अन्य आवश्यक डिजिटल सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं, जिससे आम लोगों का दैनिक जीवन कठिन हो गया है। युवा कांग्रेस नेता ने प्रशासन और कंपनी को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो ग्रामीण जनता सड़क पर उतरकर बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होगी। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं से पूरा शुल्क लिया जा रहा है, लेकिन सेवा के नाम पर उन्हें केवल परेशानी मिल रही है, जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!