मोहम्मद कजरुल शेख
पाकुड़: एक स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है। इस कथन को चरितार्थ करते हुए दिल्ली पब्लिक स्कूल द्वारा रानी ज्योतिर्मय स्टेडियम, पाकुड़ में एक दिवसीय वार्षिक खेल-कूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि पाकुड़ जिला के उपायुक्त श्री वरूण रंजन के द्वारा मशाल जलाकर किया गया। सम्मानित अतिथि के रूप में जिला पुलिस अधिक्षक श्री हरदीप पी जनार्दन भी उपस्थित थे। अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि ने छात्र-छात्रओं के सामने अपने बचपन के कुछ यादगार पलों को बताया। स्कूल के निदेशक श्री अरूणेन्द्र कुमार जी ने अपने वक्तव्य में यह कहा कि खेलों से हमारा शरीरिक व मानसिक विकास होता है तथा बच्चे में नेतृत्व की भावना विकसित करने के लिए यह आवश्यक है एवं खेल शिक्षा का महत्त्वपूर्ण अंग है। अपने वक्तव्य में स्कूल के प्रधानाचार्य श्री विभुदत्ता महंती ने मुख्य अतिथि और सम्मानित अतिथि को धन्यवाद देने के क्रम में उपायुक्त और पुलिस अधिक्षक महोदय के वक्तव्य की सराहना की। उन्होंने बताया कि खेल सम्पूर्ण शिक्षा का महत्त्वपूर्ण अंग है। खेल के माध्यम से पारस्परिक संबंध एवं नेतृत्व लेने की क्षमता विकसित होती है, जो आगे चलकर बच्चों को अपने कैरियर में सहायता करती है। इस प्रतियोगिता में नर्सरी से लेकर कक्षा बारहवीं तक के छात्रों ने प्रतिभागी के रूप में अपनी क्षमता व प्रतिभा का उत्कृट प्रदर्शन किया। छोटे बच्चों के खेल प्रतियोगिता में बॉल इन द बकेट, बिस्कुट रेस, म्युजिकल चैयर आदि जैसे खेल शामिल थे। वरिष्ठ छात्रों के खेल प्रतियोगिता में 100 तथा 200 मीटर रेस, सैक रेस, ऊँची कूद आदि खेल शामिल थे। खेल प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय आए छात्रों को स्कूल के निदेशक एवं प्रधानाचार्य द्वारा पुरस्कृत किया गया। विद्यालय के सभी शिक्षकों द्वारा अपना महत्त्वपूर्ण योगदान देकर इस कार्यक्रम को सफल बनाया गया।


























