प्रशांत मंडल,लिट्टीपाड़ा पाकुड़
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रशिक्षण -सह- सम्मान समारोह का आयोजन सोमवार को प्रखण्ड के सभागार में किया गया।इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार द्वारा घरेलू हिंसा,दहेज प्रथा,शराबबंदी जैसी कुरीतियों के विरुद्ध जागरूक होने व सशक्त बनकर समाज की मुख्य धारा से जुड़ने संबंधी बातें कहीं। उन्होंने कहा शिक्षा व स्वास्थ्य अधिकारों के प्रति महिलाओ को जागरूक करते हुए कहा कि महिलाएं पुरूषों के बराबर ही नहीं बल्कि उनसे कहीं आगे हैं। वैसे तो महिलाएं स्वयं काफी सशक्त हैं लेकिन आज के इस कार्यक्रम से महिलाओं में ओर जागरूकता आएगी। उन्होंने कहा कि यदि एक बालिका पढ़ लिख लेती है तो वह अपने परिवार का ही नहीं संपूर्ण समाज का भला करती है। आज हमारे सामने बहुत सारी चुनौतियां हैं जिसमें सबसे बड़ी लिंगानुपात है। इसे बराबर करने में प्रत्येक महिला एवं पुरूष की बराबर भागीदारी है। महिलाओं के प्रति समाज में अच्छी सोच बनाने के लिए आवश्यक है कि महिलाओं की सफलता की कहानियों को जन-जन तक पहुंचाया जाए। हमारे देश में आदिकाल से ही नारी शक्ति को पूजनीय माना गया है। वहीं पंचायत राज पदाधिकारी के. सी. दास ने महिलाओं के विकास एवं प्रगति, डायन-बिसाही से निराकरण, महिलाओं में कुपोषण को दूर करने, ल़डकियों को आँगनबाड़ी केन्द्रों में पोषण से संबंधित जानकारी विस्तार पूर्वक रखा।इस समारोह में त्रिस्तरीय पंचायत के सभी जनप्रतिनिधि पंचायत समिति ,उप प्रमुख आबेदा बीवी मरांडी, पंचायत समिति सदस्य सूसुन्ना सोरेन मुखिया रबिना मालतो, मीरू सोरेन संतोषीला मरांडी, राखी हांसदा, चमेली किस्कू सहित अन्य लोग उपस्थित थे।






