पाकुड़ जिले के महेशपुर एवं हिरणपुर में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक-2026 के विरोध में झामुमो 19 सितंबर को प्रखंड मुख्यालयों पर जोरदार धरना-प्रदर्शन करेगा। इसे लेकर मंगलवार को महेशपुर और हिरणपुर में प्रखंड समितियों की बैठक कर आंदोलन की अंतिम रणनीति तैयार की गई। पंचायत स्तर से कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। महेशपुर में प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद की अध्यक्षता में हुई बैठक में विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने कहा कि झारखंड के हक-अधिकार से कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने कहा कि खनिज संपदा केवल आर्थिक संसाधन नहीं, बल्कि झारखंड के भविष्य और आने वाली पीढ़ियों के अधिकार से जुड़ी है। वहीं हिरणपुर में जिला संगठन सचिव मुसलोद्दीन अंसारी ने कहा कि राज्य की खनिज संपदा पर झारखंड के हितों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठकों में पंचायत अध्यक्षों और सचिवों से संभावित भीड़ तथा ग्रामीणों को धरना स्थल तक पहुंचाने के लिए उपलब्ध यातायात साधनों की जानकारी ली गई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव संपर्क कर 19 सितंबर के प्रदर्शन को व्यापक बनाने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि विधेयक वापस नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।







