राजकुमार भगत
पाकुड । मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के सार्थक पहल से निर्देशक, झारखण्ड राज्य बाल संरक्षण संस्था, महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग, झारखण्ड, रांची एवं उपायुक्त वरुण रंजन के निर्देशन में पाकुड जिले के 07 किशोरियों को रांची से प्राप्त कर वापस पाकुड़ जिला लाकर उनके परिवार को सुपूर्त कर दिया गया है।
जानकारी हो जिला मुख्यालय से लगभग 33 किलोमीटर दूर जिलान्तर्गत लिट्टीपाड़ा प्रखण्ड की कुल 07 किशोरियों को काम दिलाने के बहाने बैंगलोर ले जाया गया था। सभी किशोरियों को पुलिस अभिरक्षा में स्थानीय बालिका आश्रय गृह में आवासित किया गया था। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं विभागीय पहल से सभी किशोरियों को बैंगलोर से एयरलिफ्ट कराते हुए दिनांक 5 मई को वापस रांची लाया गया। सूचना अनुसार उपायुक्त वरुण रंजन के निर्देश में जिला स्तरीय टीम गठित करते हुए सभी किशोरियों को दिनांक 06 मई को प्रेमाश्रय, बालिका गृह, रांची से प्राप्त कर वापस पाकुड़ लाया गया। सभी किशोरियों को बाल कल्याण समिति, पाकुड़ के समक्ष प्रस्तुत करते हुए आवश्यक कार्रवाई के उपरांत उनके परिजनों को सौंप दिया गया।
सभी किशोरियों की काउंसेलिंग करते हुए उनके व्यक्तिगत देखरेख योजना, पुनर्वास एवं उनके परिवार को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभांवित करने हेतु बाल कल्याण समिति, जिला बाल संरक्षण इकाई एवं विभिन्न संबद्ध विभागों के साथ समन्वय स्थापित किए जा रहे हैं। किशोरियों को रांची से पाकुड़ वापस लाने में व्यास ठाकुर, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी विनय कुमार शर्मा, विधि-सह-परवीक्षा अधिकारी, श्रीमती जसिता सोरेन, आउटरीच वर्कर, पाकुड़ सहित जिला पुलिस बल के कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही है।





