Search

May 12, 2026 11:05 pm

एक किडनी दान कर चुकी भाजपा नेत्री ने अस्पताल की व्यवस्था को बताया जानलेवा

किडनी मरीजों के हक के लिए अब सड़क पर उतरेंगी मीरा प्रवीण सिंह

सदर अस्पताल में डायलिसिस सेवा बदहाल, मरीजों की जान से हो रहा खिलवाड़: मीरा

सतनाम सिंह

पाकुड़: भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीरा प्रवीण सिंह ने पाकुड़ सदर अस्पताल में संचालित डायलिसिस सेंटर की कार्यप्रणाली पर गहरा रोष व्यक्त किया है।उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में बिजली और पानी की समुचित व्यवस्था न होने के बहाने मरीजों के स्वास्थ्य और जीवन के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।मीरा प्रवीण सिंह, जो स्वयं एक किडनी डोनर हैं और ‘वर्ल्ड किडनी वॉरियर फाउंडेशन’ से जुड़ी हैं, ने बताया कि डायलिसिस की प्रक्रिया आमतौर पर चार घंटे की होनी चाहिए। लेकिन पाकुड़ सदर अस्पताल में मरीजों को मात्र डेढ़ से दो घंटे का समय दिया जा रहा है।उन्होंने कहा आधा-अधूरा डायलिसिस मरीज के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। यह न केवल तकनीकी लापरवाही है, बल्कि मानवीय संवेदनाओं के प्रति शून्यता भी है।उन्होंने कहा कि सेंटर संचालक द्वारा बिजली और पानी की कमी का हवाला देकर डायलिसिस की अवधि कम की जा रही है। विशेष प्रकार के पानी की आवश्यकता का तर्क देकर आम मरीजों को भ्रमित किया जा रहा है।एक अनुभवी डोनर होने के नाते उन्होंने इस स्थिति को अत्यंत गंभीर बताया और कहा कि वह किडनी मरीजों की पीड़ा को भली-भांति समझती हैं।मीरा प्रवीण सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह इस मामले को ‘वर्ल्ड किडनी वॉरियर फाउंडेशन’ के मंच पर उठाएंगी और यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो वह इसके खिलाफ व्यापक आंदोलन छेड़ेंगी। उन्होंने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि डायलिसिस सेंटर की अनियमितताओं की जांच की जाए और मरीजों को निर्धारित समय के अनुसार पूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!