Search

July 8, 2026 9:03 pm

राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस पर 300 मेधावियों का सम्मान, एबीवीपी की नई नगर इकाई गठित

जीरो प्लास्टिक अभियान के तहत पौधे देकर हुआ अतिथियों का स्वागत, रक्तदान व सेवा गतिविधियों की प्रदर्शनी बनी आकर्षण

पाकुड़। राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की ओर से आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में जिले के करीब 300 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान संगठन की नई नगर इकाई का भी गठन किया गया। समारोह में जीरो प्लास्टिक अभियान और पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रमुखता से दिया गया। अतिथियों का स्वागत पारंपरिक बुके की जगह पौधे भेंट कर किया गया, जबकि रक्तदान आंदोलन और स्टूडेंट्स फॉर सेवा की प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल, योगाचार्य संजय शुक्ला, विभाग संयोजक संजय दत्त, जिला संयोजक सन्नी तिवारी और प्रदेश सह मंत्री बमभोला उपाध्याय ने मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह में जिले के विभिन्न विद्यालयों के दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के साथ राज्य स्तर के खिलाड़ियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रदेश सह मंत्री बमभोला उपाध्याय ने कहा कि विद्यार्थी परिषद छात्रों में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक दायित्व और राष्ट्रभाव विकसित करने का कार्य करती है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। मुख्य अतिथि पिंकी मंडल ने कहा कि सम्मानित विद्यार्थी जिले का गौरव हैं और उन्हें अपनी प्रतिभा का उपयोग समाज और देश के विकास में करना चाहिए। विभाग संयोजक संजय दत्त ने कहा कि परिषद छात्र शक्ति को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का कार्य कर रही है। जिला संयोजक सन्नी तिवारी ने बताया कि नई नगर इकाई छात्र-छात्राओं की समस्याओं के समाधान और संगठन के विस्तार के लिए सक्रिय भूमिका निभाएगी। योगाचार्य संजय शुक्ला ने विद्यार्थियों से नियमित योग अपनाने और अनुशासित जीवन जीने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में नई नगर इकाई की घोषणा की गई। सूरज साहा को नगर मंत्री, रॉकी, हर्षिता और दिनेश पंडित को नगर सह मंत्री, आयुष पटवा को एसएफडी संयोजक, रूमी कुमारी को सह संयोजक, हर्ष कुमार को एसएफएस संयोजक, अनुप्रिया को सह संयोजक, अमरीश कुमार को कार्यालय मंत्री, कुणाल सिंह को सह कार्यालय मंत्री, आयुष चौरसिया को प्लस-टू प्रमुख, सूरज चौधरी को खेलो भारत प्रमुख तथा सुमित कुमार, आदित्य, प्रकाश और परी कुमारी को नगर कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया। राहुल कुमार को कॉलेज अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सुमित पांडे, गुलशन कुमार, प्रीतम कुमार, सौरभ कुमार और राहुल मिश्रा समेत परिषद के कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही। समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक और शिक्षक मौजूद रहे। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!