Search

May 13, 2026 3:04 am

धूमधाम से मनाया गया सरस्वती पूजा

सुदीप कुमार त्रिवेदी

बसंत पंचमी के इस पावन बेला में विद्या की अधिष्ठात्री देवी सरस्वती माता का पूजन कार्यक्रम आज पूरी आस्था व उत्साह के साथ मनाया गया । पाकुड़ जिला मुख्यालय में अवस्थित सभी सरकारी व गैर सरकारी विद्यालयों में इस अवसर पर अच्छी खासी चहल पहल दिखी । सरस्वती पूजा के इस पावन अवसर की तैयारी संबंधित विद्यालयों व विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र छात्राओं के द्वारा कई दिनों से चल रही थी । सुबह से ही श्रद्धालु की तरह नए पोशाक में सजे धजे बच्चे अपने अधिष्ठात्री देवी के दर्शन व पूजन हेतु पूजा मंडप में उपस्थित हो गाए जहाँ विधिवत मंत्रोच्चार व वैदिक रीति से सरस्वती माता के पूजन कार्यक्रम में उन्होंने अपनी भागीदारी सुनिश्चित की । पाकुड़ जिला मुख्यालय के धनुषपूजा मध्य विद्यालय, बिल्टू स्कूल, अनुसूचित जाति आवासीय प्राथमिक विद्यालय कित्ताझोर, हरिणडंगा हाई स्कूल, राज प्लस टू, सरस्वती शिशु मंदिर के अलावे अनेक सरकारी व गैर सरकारी शैक्षणिक संस्थानों में धूमधाम से सरस्वती पूजा का आयोजन किया गया । गौरतलब हो कि बसंत पंचमी का पर्व माघ मास में शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को मनाया जाता है । इस दिन ज्ञान व बुद्धि की देवी सरस्वती के पूजन की पौराणिक परंपरा चली आ रही है । मान्यता के अनुसार इसी दिन से वसंत ॠतु का भी प्रारंभ होता है, इसलिए बसंत पंचमी के दिन पीले रंग का विशेष महत्व होता है । धार्मिक मान्यता है कि इसी दिन माँ सरस्वती की उत्पत्ति हुई थी, लिहाजा यह पर्व शिक्षा व कला जगत से जुड़े लोगों के जीवन में विशेष महत्व रखता है ।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!