सुदीप कुमार त्रिवेदी
वासंती चैती दुर्गा पूजनोत्सव एवं रामनवमी के हर्षोल्लादित अवसर पर पूरा पाकुड़ शहर भगवा रंग में सज गया । इस पावन अवसर पर शहर के सभी छोटे बड़े मंदिरों को सजाकर भगवा पताके से पाट दिया गया है । हालांकि रामनवमी के लगभग एक सप्ताह से पहले से ही जहाँ एक तरफ मंदिरों के रंग रोगन का कार्य किया जा रहा था वहीं दूसरी ओर तमाम हिंदू संगठन अखाड़े व शोभायात्रा की तैयारी में लग चुके थे । पाकुड शहर के हर दुकानों में ध्वजा व पताके की खरीद को लेकर काफी भीड़ देखी गई। नगर परिषद क्षेत्र के छोटी अलीगंज स्थित चैती दुर्गा पूजा समिति की ओर से आज नवमी के अवसर पर विधिवत पूजन के बाद कन्या पूजन किया गया । इसके अलावे पूराने सदर अस्पताल के हनुमान मंदिर, भगत पाड़ा शिव मंदिर, हाटपाड़ा स्थित हनुमान मंदिर, तलवाडाँगा के महाकाल मंदिर, कालीभसान स्थित शिव मंदिर, दूधनाथ मंदिर, राधाकृष्ण मंदिर, शिव शीतला मंदिर, रेलवे परिसर स्थित हनुमान मंदिर, कालिकापुर व सिंधीपाड़ा स्थित मंदिरों में वैदिक विधि-विधान से पूजा अर्चना की गई ।







