Search

May 13, 2026 7:24 am

दो आदिवासी युवतियों से गैंगरेप मामले में मुख्य आरोपी रावण सोरेन सहित दो गिरफ्तार।

अमर भगत

पाकुड़. बीते शुक्रवार को अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव के जंगल में दो लड़कियों के साथ हुए गैंगरेप के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी रावण सोरेन और एक अन्य आरोपी पतरस मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों आरोपी अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र का ही रहने वाले हैं. दोनों आरोपियों की स्वास्थ्य जांच कराकर जेल भेज दिया गया है. वहीं अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है. प्रभारी थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार सिंह ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की जानकारी सामने आयी है. उनकी भी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. प्राप्त जानकारी के अनुसार अमड़ापाड़ा पुलिस ने आरोपी पतरस मुर्मू को बड़ा तालडीह गांव से सोमवार की शाम को गिरफ्तार किया था. पुलिस ने थाना लाकर उससे पूछताछ की, जिसमें उसने रावण सोरेन के एक गांव में छुपे होने की जानकारी दी. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उस गांव में मंगलवार की सुबह छापा मारा. जहां से पुलिस ने मुख्य आरोपी रावण सोरेन को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ की है. इसमें अन्य आरोपियों के बारे में दोनों ने जानकारी दी है. मालूम हो कि अमड़ापाड़ा थाना के एक गांव की 19 वर्षीय युवती और उसकी 12 वर्षीय चचेरी बहन के साथ करीब 11-12 युवकों ने एक जंगल में सामूहिक दुष्कर्म की घटना को छह जून की रात को अंजाम दिया था. घटना को लेकर 7 जून को अमड़ापाड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी. मेडिकल जांच में भी दोनों लड़कियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि हुई है. मामला दर्ज होने के बाद से ही पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चला रही थी लेकिन आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं आ रहे थे. आरोपी पतरस मुर्मू की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली.

क्या था मामला:

सामूहिक दुष्कर्म की पीड़िता दोनों लड़कियां 6 जून को मोबाइल बनाने के लिए अपने घर से निकली थी. वे दोनों बाजार पहुंची. वहां से अपने परिचित रावण सोरेन को फोन कर पाडेरकोला में होने की जानकारी दी. रावण मोटरसाइकिल से पाडेरकोला पहुंचा. वहां से दोनों लड़कियों को लेकर बाजार ले गया. बाजार से नाश्ता करके दोनों लड़कियों को लेकर डुमरचिर गांव में लगे साप्ताहिक हाट में ले गया था. वहां से एक सुनसान जंगल गया और अपने साथियों को फोन करके बुलाया. इसके बाद करीब 11-12 लड़के मौके पर पहुंचे और दोनों लड़कियों को अलग-अलग ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था, छापेमारी टीम में ये थे शामिल:
छापेमारी टीम में प्रभारी थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार सिंह, एसआई अजय महतो, एसआई श्रीचांद किस्कू, एसआई अरविंद मंडल, एसआई दिलीप कुमार बास्की, एएसआई आशीष राम, एएसआई प्रदीप कुमार, हवलदार संजय यादव, आरक्षी कुमार गौरव, अखिलेश राम, ईश्वर मरांडी, मनोज कुमार घोष शामिल थे.

img 20240611 wa00263639510151209209262

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!