संवाद के दौरान उपायुक्त ने सफलता को लेकर छात्रों को दिए कई टिप्स
एसएससी जीडी में सफल हुए अभ्यर्थियों को उपायुक्त ने मोमेंटो देकर सम्मानित किया
राजकुमार भगत
पाकुड़ प्रखंड परिसर स्थित एंडवेर अकादमी में रेलवे, बैंकिंग, पुलिस, एसएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं से शुक्रवार को उपायुक्त मृत्युंजय कुमार बरणवाल ने संवाद किया तथा बेहतर परिणाम की शुभकामनाएं दी।उपायुक्त मृत्युंजय कुमार बरणवाल ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पाने वाले युवाओं के लिए जिला प्रशासन के द्वारा एंडवेर अकादमी संचालित किया जा रहा है। 12 वीं तक आकर हम समझ जाते हैं कि हमें किस दिशा में जाना है कौन सी राह चुननी है। अपने लक्ष्य के अनुसार कार्य करें, लक्ष्य में जो सहायक है वह मित्र है। उपायुक्त ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर जिज्ञासाओं का एक-एक कर समाधान किया। इस दौरान उपायुक्त ने अपने अनुभवों को साझा किया। उपायुक्त ने अपने संदेश में जीवन में मुकाम हासिल करने के लिए मन लगा कर पढ़ने का संकल्प लेने का आह्वान किया। स्वस्थ शिक्षा के लिए शिक्षकों, अभिभावकों व बच्चों के बीच समय-समय पर संवाद को आवश्यक बताया। कहा कि बच्चों के शैक्षणिक विकास में जब तक शिक्षक का योगदान नहीं होगा, लक्ष्य को प्राप्त नहीं किया जा सकता है। उपायुक्त ने कहा कि आने वाले दिनों में जेपीएससी की भी तैयारी इस अकादमी में कराया जाएगा।
मौके पर विशेष कार्य पदाधिकारी विकास कुमार त्रिवेदी, जिला शिक्षा पदाधिकारी नयन कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार, पाकुड़ बीडीओ समीर अल्फ्रेड मुर्मू, अंचलाधिकारी भागीरथ महतो, पीसीएमपीएल के उपाध्यक्ष श्री गुरम वेंकट नारायण समेत अन्य उपस्थित थे।







