राजकुमार भगत
पाकुड़। मंगलवार को स्थानीय डी ए वी पब्लिक स्कूल के प्रार्थना सभा में प्राचार्य ने देवघर, गिरीडीह एवं महागमा में आयोजित क्लस्टर लेवल जोनल स्पोर्ट्स मीट के विजेताओं को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उपरोक्त तीनों शहरों के डी ए वी विद्यालय में वर्ष 2024-25 हेतु 26 एवं 27 जुलाई एवं 30 एवं 31 जुलाई को क्लस्टर लेवल स्पोर्ट्स मीट का आयोजन किया गया। जिसमें झारखंड जोन एच के सभी विद्यालयों के लगभग 1500 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में डी ए वी पब्लिक स्कूल, गोकुलपुर, पाकुड़ के प्रतिभागियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में गोल्ड, सिल्वर एवं ब्रॉन्ज मेडलों में कुल 132 मेडल जीतकर पूरे जोन में तृतीय स्थान एवं संथाल परगना में द्वितीय स्थान हासिल कर जिले का नाम रौशन किया।मंगलवार को विद्यालय के प्रार्थना सभा में विद्यालय प्राचार्य डॉ विश्वदीप चक्रवर्ती ने सभी विजेताओं को मंच पर आमंत्रित कर मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया। उन्होंने अपने संबोधन में बताया कि छात्र छात्राओं के कौशल देखकर यह प्रतीत होता है कि निकट भविष्य में पाकुड़ के लाल राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे। प्रतियोगिता में स्कूलों में दर्जनों भर से ज्यादा इवेंट आयोजित कराए गए। इनमे एथलेटिक्स में रनिंग, जंपिंग एवं थ्रोइंग था टीम गेम शामिल था। स्पर्धाओं में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर का रेस, शॉर्ट पुट, ऊंची कूद, लंबी कूद, बैडमिंटन, क्रिकेट ( अंडर 17 ), फुटबॉल, डिस्क थ्रो आदि में बच्चों ने अपनी प्रतिभा दिखाई।






