सुदीप कुमार त्रिवेदी
रक्षा बंधन के जश्न में पूरा भारत डूब चुका है। इसी कड़ी में स्थानीय विद्यालय डी ए वी पब्लिक स्कूल के छात्राओं ने शनिवार के सह पाठयक्रम के तहत स्वरचित रंग बिरंगी राखी बनाकर पाकुड़ जिला के पुलिस कर्मी, सफाई कर्मी एवं स्वास्थ्य कर्मी के कलाई में राखी बांध कर सद्भावना का संदेश दिया एवं उनके लंबी उमर की कामना की। विद्यालय के प्राथमिक अनुभाग के छात्राओं को तीन समूहों में विभाजित कर उन्हें नगर थाना पाकुड़, नगर परिषद, पाकुड़ एवं सदर अस्पताल सोनाजोड़ी भेजा गया। पाकुड़ नगर थाना में छात्राओं ने थाना प्रभारी समेत सभी पुलिस कर्मियों के कलाई में राखी बांधकर उनके प्रति प्रेम, सहयोग और सम्मान दर्शाया। पुलिस कर्मियों के तरफ से छात्राओं को सुरक्षा देने का भरोसा दिया गया। वहीं दूसरी समूह के छात्राओं ने नगर परिषद पाकुड़ में जाकर कार्यपालक पदाधिकारी समेत सभी सफाई कर्मचारी एवं ऑफिस कर्मचारियों के कलाई पर राखी बांध कर उनके कर्तव्यनिष्ठ होने का वचन लिया। इस दौरान कार्यपालक पदाधिकारी श्री राजकमल जी ने बच्चों को नगर परिषद के दैनिक क्रिया कलाप से परिचित कराया एवं बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की। छात्राओं का तीसरा समूह सोनाजोड़ी स्थित सदर अस्पताल पहुंचकर सभी स्वास्थ्य कर्मियों को राखी बांधकर आशीर्वाद प्राप्त किया एवं सभी से ईमानदार एवं कर्तव्यनिष्ठ होने का वचन लिया। प्राचार्य डॉ विश्वदीप चक्रवर्ती ने बताया कि प्रत्येक शनिवार को सह सहपाठ्यक्रम के तहत बच्चों को आउटडोर कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा जिससे उनके मानसिक शारीरिक एवं बौद्धिक विकास हो सके।






