बजरंग पंडित
पाकुड़। पाकुड़ नगर के वार्ड नंबर 08 के कालीतल्ला इलाके में कांग्रेस नेत्री मोनिता कुमारी ने महागठबंधन की प्रत्याशी निशात आलम के समर्थन में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान उन्होंने क्षेत्र की महिला मतदाताओं से अपील की कि वे पंजा छाप पर वोट देकर निशात आलम को भारी मतों से विजयी बनाएं। महिलाओं के बीच संवाद करते हुए मोनिता कुमारी ने कहा कि निशात आलम एक महिला प्रत्याशी हैं, जो महिलाओं की समस्याओं को न केवल समझती हैं बल्कि उन्हें दूर करने की इच्छाशक्ति भी रखती हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के विकास और उनके अधिकारों की सुरक्षा के लिए विधानसभा में महिलाओं का प्रतिनिधित्व होना बेहद जरूरी है। निशात आलम जैसी महिला जनप्रतिनिधि ही महिला सशक्तिकरण को और बढ़ावा दे सकती हैं। मोनिता कुमारी ने कहा कि यदि निशात आलम को भारी मतों से विजयी बनाया जाता है, तो इससे क्षेत्र में महिला हितकारी योजनाओं को मजबूती मिलेगी, और वे नीतियां धरातल पर उतर सकेंगी जिनसे महिलाओं को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे एकजुट होकर निशात आलम का समर्थन करें और उन्हें विधानसभा भेजने में सहयोग करें। इस जनसंपर्क अभियान में पूजा चौधरी, आराधना कुर्मी, समाजसेवी भीम सिंह सहित क्षेत्र की कई प्रमुख महिलाएं शामिल थीं। सभी ने निशात आलम के पक्ष में समर्थन जुटाने का संकल्प लिया और महिलाओं को जागरूक करने का प्रयास किया।







