आंगनबाड़ी सेविकाओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
सतनाम सिंह
जिला समाज कल्याण शाखा, पाकुड़ के तत्वाधान में जिला सूचना भवन सभागार, पाकुड़ में “पोषण भी, पढ़ाई भी” विषय पर पाकुड़ एवं हिरणपुर बाल विकास परियोजना के कुल 100 आंगनबाड़ी सेविकाओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभांरभ जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर किया गया।मौके पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी बसंती ग्लाडियस बाड़ा द्वारा सभी आंगनबाड़ी सेविकाओं को प्रशिक्षण में तत्परता पूर्वक भाग लेने का निर्देश दिया गया ताकि वे अपने-अपने आंगनबाड़ी केन्द्रों में अपने अपने कार्य-दायित्व का निर्वहन अच्छे ढंग से कर सकें। साथ ही प्रशिक्षण कार्यक्रमों के उद्देश्यों, आयोजित किए जाने विभिन्न सत्रों, क्रियाकलापों के बारे में विस्तार से बताया गया। विदित हो कि NIPCCD द्वारा प्रशिक्षित किए मास्टर ट्रेनर के द्वारा यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम दिनांक 5 दिसम्बर, 2024 से प्रारंभ होकर दिनांक 02 जनवरी, 2025 तक आयोजित की जाएगी जिसमें जिलान्तर्गत सभी परियोजना के कुल 500 आंगनबाड़ी सेविकाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रत्येक बैच के लिए तीन दिवसीय स्तर पर निर्धारित है। प्रशिक्षण कार्य मास्टर ट्रेनर सुश्री टुसुमुनी मुर्मु, महिला पर्यवेक्षिका हिरणपुर परियोजना के द्वारा दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन में समाज कल्याण शाखा के सभी कर्मी एवं जिला बाल संरक्षण ईकाई के सभी पदाधिकारी/ कर्मी, मो० अनीस अंसारी, पीसीआई, मोना प्रेरणा सुरीन, पिरामल फाउंडेशन एवं अन्य का महत्वपूर्ण भूमिका रही।






