Search

April 16, 2026 4:07 pm

पाकुड़ में धान तस्करी का खेल,औने-पौने दाम पर बिक रहा उनका धान,अधिप्राप्ति पर मंडराया संकट

किसानों की फसल, व्यापारियों का मुनाफा

सतनाम सिंह

पाकुड़: पाकुड़ जिले में धान अधिप्राप्ति को लेकर जिला प्रशासन के प्रयासों पर बंगाल के व्यापारियों ने पानी फेरना शुरू कर दिया है। गांव-गांव घूम रहे ये व्यापारी किसानों को गुमराह कर उनके धान को औने-पौने दाम पर खरीद रहे हैं। किसानों को समर्थन मूल्य का लाभ देने की सरकारी व्यवस्था पर बंगाल के व्यापारी पानी फेरते दिख रही है, धान से लदे ट्रैक्टर और ट्रक चेक पोस्टों की ढील का फायदा उठाकर खुलेआम बंगाल पहुंच रहे हैं।

किसानों को झांसा, प्रशासन बेखबर

बंगाल के व्यापारी सीधे किसानों तक पहुंचकर उन्हें तुरंत नकद भुगतान का झांसा देते हैं। बिना उचित जानकारी के किसान औने-पौने दाम पर धान बेचने को मजबूर हो रहे हैं। पाकुड़ के एक किसान ने नाम ना बताने के शर्त पर बताया, “व्यापारी हमारे खेतों तक आते हैं और सस्ता दाम देकर धान खरीद लेते हैं। हमें पता ही नहीं चलता कि हमें नुकसान हो रहा है।”

चेक पोस्टों पर नहीं हो रही सख्ती

अंतर्राज्यीय चेक पोस्टों पर निगरानी की कमी की वजह से धान से लदे ट्रक और ट्रैक्टर बिना किसी जांच के बंगाल पहुंच रहे हैं। इसका नतीजा यह हो रहा है कि जिले के किसान सरकार की अधिप्राप्ति योजना से वंचित हो रहे हैं और उनका धान सस्ते में बिक रहा है।

किसानों से अपील

डीसी मनीष कुमार ने किसानों से अपील की है कि वे धान केवल अधिकृत लैम्पस में ही बेचें। डीसी मनीष कुमार ने कहा, “किसानों को सरकारी समर्थन मूल्य का लाभ लेना चाहिए।कहा कि किसानों को जागरूक होने की जरूरत है और सभी किसान नजदीकी लैम्पस पर पहुंचकर धान को बेंचें ताकि उनको अधिक मुनाफा हो।अवैध व्यापारियों के झांसे में आना उनके लिए घाटे का सौदा साबित होगा।

नियंत्रण नहीं तो गहराएगा संकट

अगर समय रहते प्रशासन इस पर कड़ा कदम नहीं उठाता, तो यह स्थिति किसानों की आजीविका और जिले की आर्थिक स्थिति को बुरी तरह प्रभावित कर सकती है। प्रशासन को चेक पोस्टों पर निगरानी बढ़ाने और किसानों को जागरूक करने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने होंगे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!