नगर, हिरणपुर,अमड़ापाड़ा, लिट्टीपाड़ा, महेशपुर समेत कई थानों की कमान नए अधिकारियों को; पुलिस निरीक्षक और पुलिस अवर निरीक्षक स्तर पर भी हुआ बदलाव।
पाकुड़। जिले की पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से एसपी अनुदीप सिंह के निर्देश पर पुलिस महकमे में फेरबदल किया गया है। इसके तहत कई थाना प्रभारियों, पुलिस निरीक्षकों और अवर निरीक्षकों का तबादला करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। जारी पदस्थापन आदेश के बाद जिले के कई थानों और ओपी की कमान नए अधिकारियों के हाथों में होगी।
जारी आदेश के अनुसार, जॉन मुर्मू को नगर थाना प्रभारी, प्रयाग दास को अमड़ापाड़ा पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी, नागेन्द्र कुमार को लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी, सुखदेव कुमार साह को सिमलौंग ओपी प्रभारी, अजय कुमार को महेशपुर थाना प्रभारी, विवेक कुमार को मालपहाड़ी ओपी प्रभारी, रंजन कुमार सिंह को हिरणपुर तथा राहुल कुमार गुप्ता को रद्दीपुर ओपी प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा पुलिस निरीक्षक स्तर पर भी जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। मुफस्सिल प्रभाग, महेशपुर प्रभाग और लिट्टीपाड़ा प्रभाग सहित अभियोजन कोषांग, जिला नियंत्रण कक्ष, तकनीकी शाखा और मीडिया सेल में भी अधिकारियों का पदस्थापन किया गया है।
पुलिस विभाग में हुए इस फेरबदल को नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत देखा जा रहा है। अधिकारियों की नई तैनाती के साथ जिले में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग से जुड़े कार्यों को नई जिम्मेदारी के अनुरूप संचालित किया जाएगा।












