एस कुमार
उपायुक्त के निर्देश पर मंगलवार को एसडीपीओ विजय कुमार व सीओ संजय कुमार सिन्हा ने अंचल के चंडालमारा व बासमती अवैध नदी घाट व पुल के समीप छापेमारी अभियान चलाया. एसडीपीओ व सीओ ने छापेमारी कर घाटचोरा- चंडालमारा पुल के समीप व अवैध बालू घाट पर अवैध उत्खनन करते एवं बिना माइनिंग चालान के परिवहन करते तीन ट्रैक्टर को जब्त किया है. वही छापेमारी के दौरान नदी पर बालू माफिया जब्त ट्रैक्टर को नहीं ले जाने देने को लेकर मंशा बना रहे थे. इसी दरम्यान एसडीपीओ ने त्वरित महेशपुर थाने से भारी संख्या में पुलिस पदाधिकारी व जवानों को बुलाकर नदी घाट पर उतार ट्रैक्टरों को नदी से निकालकर तीन ट्रैक्टरों को महेशपुर थाना परिसर में रखा गया. छापेमारी में एसडीपीओ विजय कुमार, सीओ संजय कुमार सिन्हा, थाना प्रभारी विकर्ण कुमार, एसआई दिनेश प्रसाद सिंह, रवि शर्मा, एएसआई प्रेम मरांडी, मनदीप मेहता सहित अन्य पुलिस जवान शामिल थे. इस संबंध में सीओ ने जानकारी देते हुए बताया कि खनिज का अवैध उत्खनन व परिवहन पर अंकुश लगाने को लेकर उपायुक्त के निर्देश के आलोक में छापेमारी अभियान चलाकर तीन ट्रैक्टर जब्त कर थाना में रखा गया है. बताया कि किसी भी हाल में अवैध बालू घाटों से बालू का उठाव व पुल के पास से बालू का उठाव व बिना माइनिंग का बालू परिहवन नहीं करने दिया जाएगा. उन्होंने बताया कि तीन ट्रैक्टर जब्त की सूचना वरीय अधिकारियों को दे दी गई है. उनके निर्देशानुसार आगे की कार्यवाही की जाएगी.





