Search

August 22, 2026 10:53 pm

छात्रों की पिटाई पर गरजी भाजपा, दिनेश मरांडी बोले- लाठी से नहीं दबेगी आवाज, 2029 में छात्र देंगे सरकार को जवाब

पाकुड़। छात्रों के आंदोलन के दौरान कथित मारपीट की घटना को लेकर भाजपा ने हेमंत सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पूर्व विधायक सह भाजपा प्रदेश प्रवक्ता दिनेश विलियम मरांडी ने शनिवार को पाकुड़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर छात्रों के साथ हुई कथित मारपीट को लेकर राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने वाले छात्रों को पीटना लोकतंत्र के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। दिनेश विलियम मरांडी ने कहा कि छात्र अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे थे और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने जा रहे थे। इसी दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं द्वारा छात्रों के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि विरोध और आंदोलन लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा है। छात्रों की आवाज को दबाने के बजाय सरकार को उनकी समस्याएं सुननी चाहिए। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि छात्रों को पीटकर किसी आंदोलन को खत्म नहीं किया जा सकता। सरकार को यह समझना होगा कि आज का छात्र ही राज्य का भविष्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनकी आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। मरांडी ने कहा कि छात्रों के साथ हुई घटना को लेकर भाजपा चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों के आक्रोश को समझना चाहिए और बातचीत के जरिए उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए। उन्होंने हेमंत सरकार को घेरते हुए कहा कि सरकार को आने वाले समय में इसका राजनीतिक खामियाजा भुगतना पड़ेगा। 2029 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि छात्र और युवा सरकार के कामकाज का हिसाब लेंगे और अपने मताधिकार के जरिए जवाब देंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दिनेश विलियम मरांडी ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति की आवाज को दबाने की बजाय उसका सम्मान किया जाना चाहिए। छात्रों के साथ कथित मारपीट की घटना ने सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

img 20260822 wa00113312710589702381265
img 20260822 wa00122739764536878768211

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!