Search

March 27, 2026 3:26 am

पाकुड़-बरहरवा पथ को किया जाए चौड़ीकरण, लगे जूट उद्योग – विधायक निसार आलम ने मुख्यमंत्री से की मांग।

बजरंग पंडित

पाकुड़: साहिबगंज और पाकुड़ जिले की लाइफलाइन कहे जाने वाले पाकुड़-बरहरवा मुख्य पथ को डबल लेन करने और पाकुड़ में जूट उद्योग स्थापित करने की मांग को लेकर विधायक निसार आलम ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए इन दोनों अहम मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई की अपील की।

सड़क चौड़ीकरण की मांग

विधायक निसार आलम ने कहा कि पाकुड़ से बरहरवा तक की सड़क कई जगहों पर संकरी होने के कारण आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है। भीमपाड़ा, पलासबोना और श्रीधरपुर जैसे इलाकों में सड़क बेहद पतली है, जिससे यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने कहा कि अगर इस सड़क का चौड़ीकरण किया जाता है, तो न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। यह मांग लंबे समय से की जा रही थी, लेकिन अब मुख्यमंत्री से मिलकर इस पर शीघ्र कार्रवाई का आग्रह किया गया है।

पाकुड़ में जूट उद्योग लगाने की पहल

विधायक निसार आलम ने पाकुड़ में जूट उद्योग स्थापित करने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि इससे स्थानीय किसानों और मजदूरों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि पाकुड़ जिले में हर साल लगभग 5800 मेट्रिक टन और साहिबगंज जिले में 2400 मेट्रिक टन जूट की उपज होती है। लेकिन, जूट प्रसंस्करण उद्योग न होने के कारण किसानों को औने-पौने दाम पर अपनी फसल बेचनी पड़ती है। विधायक ने कहा कि पूर्व मंत्री आलमगीर आलम के कार्यकाल में जूट मिल लगाने की पहल की गई थी, लेकिन यह अब तक साकार नहीं हो सका। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस दिशा में ठोस कदम उठाने और जूट उद्योग स्थापित करने की मांग की ताकि स्थानीय किसानों और मजदूरों को रोजगार मिल सके और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले। विधायक निसार आलम ने मुख्यमंत्री से इन दोनों अहम मुद्दों पर जल्द निर्णय लेने का अनुरोध किया और कहा कि सड़क चौड़ीकरण और जूट उद्योग की स्थापना से पाकुड़ और साहिबगंज जिले के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर