राज कुमार भगत
पाकुड़ पॉलिटेक्निक में सोमवार को विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर चित्रकला प्रतियोगिता, संगोष्ठी, शपथ ग्रहण समारोह एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य डॉ. ऋषिकेश गोस्वामी, मुख्य प्रशासनिक पदाधिकारी निखिल चंद्र एवं परीक्षा नियंत्रक अमित रंजन द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ की गई। संस्थान के निदेशक अमिया रंजन ने ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ते हुए विद्यार्थियों को संबोधित किया।
चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन
चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम वर्ष सिविल शाखा की स्वीटी कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। तृतीय वर्ष मैकेनिकल शाखा के सफायत अली ने द्वितीय स्थान और विद्यालय के छात्र बकील मरांडी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
संगोष्ठी और शपथ ग्रहण
संगोष्ठी के दौरान इलेक्ट्रिकल विभागाध्यक्ष अशिष कुमार ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्लास्टिक उपयोग को कम करने और पर्यावरण संरक्षण हेतु व्यावहारिक उपायों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण की रक्षा करने की शपथ ली और पृथ्वी के संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
वृक्षारोपण कार्यक्रम
कार्यक्रम के अंतिम चरण में परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों एवं छात्रों ने मिलकर पौधे लगाए और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर छात्रों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संबंधी प्रमुख मुद्दों के प्रति जागरूक किया गया और बताया गया कि छोटे-छोटे व्यक्तिगत प्रयास भी बड़े स्तर पर सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं। सभी शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सम्मिलित हुए।








