पाकुड़। प्रदेश कांग्रेस महासचिव तनवीर आलम की पहल पर ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। सदर प्रखंड अंतर्गत मनिकापड़ा पंचायत में लंबे समय से खराब पड़े चार चापाकलों की मरम्मत कराई गई है, जिससे सैकड़ों ग्रामीणों को राहत मिली है। मरम्मत कराए गए चापाकल नया आमतला बूथ संख्या 186, नया आमतला आंगनवाड़ी केंद्र के पास, नुतफल शेख के घर के समीप तथा नेकईल शेख के घर के पास स्थित हैं। इन चापाकलों के ठीक होने से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल देखा गया। प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष मंसारुल हक ने जानकारी देते हुए बताया कि गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए जल संकट से निपटने के लिए पुराने खराब चापाकलों की मरम्मत और नए चापाकल लगाने का कार्य लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश महासचिव तनवीर आलम के निर्देश पर यह अभियान तेज किया गया है ताकि ग्रामीणों को पेयजल के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े।
ग्रामीणों ने चापाकलों की मरम्मत के लिए प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि इस कार्य से उन्हें बड़ी राहत मिली है और अब गर्मी के दिनों में पानी की समस्या से जूझने की नौबत नहीं आएगी।







