जिला शिक्षा पदाधिकारी बोलीं— बेटियों में है बेपनाह टैलेंट, ऐसे कैंप बनते हैं प्रेरणा का माध्यम
पाकुड़: पाकुड़ जिले भर के सरकारी स्कूलों में चल रहे समर कैंप में छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा से सबका ध्यान खींचा। ‘प्रोजेक्ट परख’ के तहत आयोजित इस कैंप में योग, मेहंदी, पेपर क्राफ्ट, ड्राइंग, खेलकूद और संगीत प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।समर कैंप का आयोजन जिले के कस्तूरबा विद्यालयों, सीएम एसओई (राज और गर्ल्स) पाकुड़, रानी ज्योतिर्मयी गर्ल्स हाई स्कूल, सीआरसी धनुषपूजा, मॉडल स्कूल काशीला, आरके 10+2 हाई स्कूल बिरकिट्टी महेशपुर और 10+2 हाई स्कूल महेशपुर सहित अन्य विद्यालयों में किया गया।
हर प्रतियोगिता में दिखी छात्राओं की तैयारी और आत्मविश्वास
कैंप में छात्राओं ने अपने हुनर का ऐसा प्रदर्शन किया कि शिक्षक और मौजूद अतिथि भी तारीफ करने से नहीं चूके। मेहंदी और पेपर क्राफ्ट में जहाँ रचनात्मकता झलकी, वहीं योग और खेलकूद में अनुशासन और फिजिकल फिटनेस की झलक देखने को मिली। संगीत और ड्राइंग प्रतियोगिता में भी प्रतिभागियों ने उम्दा प्रदर्शन किया।
प्रतिभागियों को मिला सम्मान, बढ़ा मनोबल
कैंप के अंत में बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। इससे छात्राओं का मनोबल और आत्मविश्वास दोनों बढ़ा। शिक्षा पदाधिकारी ने सराहा प्रयास
जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पुरती ने कहा, “बेटियों में प्रतिभा कूट-कूट कर भरी है। ऐसे कैंप न केवल उनकी प्रतिभा को मंच देते हैं, बल्कि आत्मनिर्भरता और नवाचार को भी बढ़ावा देते हैं।” उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ सह-पाठ्य गतिविधियों में भी सक्रिय रहने की सलाह दी।
प्रशासन और शिक्षा विभाग की संयुक्त पहल
यह समर कैंप जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के निर्देश पर आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य छात्राओं को एक समग्र और सकारात्मक वातावरण देना है।






