पाकुड़/मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गंधाईपुर पंचायत के हरिगंज में जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल ने भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए बच्चों को कॉपी-कलम भेंट की। उन्होंने कहा कि अटल जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, जनसेवा, सादगी और दृढ़ संकल्प की प्रेरणा है तथा उनके सपनों का भारत बनाने के लिए नई पीढ़ी को शिक्षित करना सबसे जरूरी है। पिंकी मंडल ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि हाथ में कलम होगी तो आंखों में बड़ा सपना होगा और यही सपना आगे चलकर देश की तस्वीर बदलेगा। उन्होंने बच्चों से खूब पढ़ने, मेहनत करने और अपने लक्ष्य को हासिल कर समाज व राष्ट्र की सेवा में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अटल जी को सच्ची श्रद्धांजलि केवल उन्हें याद करने से नहीं, बल्कि उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और बच्चों को शिक्षा से जोड़ने से होगी। कार्यक्रम में रंकुश मंडल, राहुल कुमार सिंह, प्रदीप मंडल, उत्तम मंडल, रतन मंडल, मीरा मंडल, सूची मंडल, पारुल मंडल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।







